Amethi UP: स्वदेशी मेला के आठवें दिन उमड़ा जनसैलाब, बच्चों ने दिखाई स्वदेशी उत्पादों में गहरी रुचि

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित।

अमेठी। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 के अंतर्गत पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, गौरीगंज में आयोजित स्वदेशी मेला के आठवें दिन भारी भीड़ देखने को मिली। स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा उनके अभिभावक बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे। मेले में पहुंचे बच्चों और युवाओं ने जनपद में निर्मित स्वदेशी उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई।

विशेषकर ‘मृगंधम’ के स्टॉल पर भारी भीड़ उमड़ी और उत्पादों की जमकर बिक्री हुई। स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के हस्तनिर्मित उत्पादों को लोगों ने खूब सराहा। मेले में आज का आकर्षण रहा विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम। प्राथमिक विद्यालयों, जीजीआईसी गौरीगंज और मनीषी महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने लोकगीत, नृत्य और समूह गान की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

उनकी प्रस्तुतियों ने मेले में उत्सव जैसा वातावरण बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को उपायुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया, खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज एवं खंड शिक्षा अधिकारी अमेठी द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग दिनेश कुमार चौरसिया ने बताया कि स्वदेशी मेला स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन से ग्रामीण कारीगरों, उद्यमियों और युवाओं को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आगे बताया कि मेला के नवें दिन अर्थात 17 अक्टूबर 2025 को जिला उद्योग केंद्र, खादी ग्रामोद्योग, आरसेटी, कौशल विकास संस्थान और बैंकों के सहयोग से एक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा,

जिसमें लाभार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और ऋण योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। मेले के सफल संचालन में जिला प्रशासन, उद्योग विभाग, शिक्षा विभाग और विभिन्न संस्थाओं का सहयोग सराहनीय रहा।

Related posts