Amethi UP: रोजगार मेले में 33 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गौरीगंज में हुआ आयोजन

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गौरीगंज में आज दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को एकदिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को उद्योग जगत से जोड़ना रहा। संस्थान के प्रधानाचार्य विवेक कुमार ने बताया कि इस रोजगार मेले में आईटीआई, डिप्लोमा और डिग्री धारक पास आउट प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। मेले में ग्रैविटी फैकेल्टी मैनेजमेंट सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा कंपनी के एच.आर. प्रतिनिधि साजिद ने प्रतिभागी अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया।

कुल 46 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार में भाग लिया, जिनमें से 33 अभ्यर्थियों का चयन कंपनी द्वारा किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को संस्थान परिसर में ही जॉइनिंग प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्लेसमेंट प्रभारी अनिल कुमार मिश्र, सहायक प्लेसमेंट प्रभारी भारत भूषण मिश्रा एवं दिवाकर मिश्रा सहित संस्थान के अन्य कर्मचारी एवं अभ्यर्थी उपस्थित रहे। ऐसे रोजगार मेलों से युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं तथा औद्योगिक संस्थानों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का मौका मिलता है।

Related posts