शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
अमेठी। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अर्पित गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का निस्तारण समय सीमा के भीतर तथा पूर्ण गुणवत्ता के साथ किया जाए,

ताकि संतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो और जनविश्वास में वृद्धि हो। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों में विभिन्न विभागों के संदर्भ काफी संख्या में डिफाल्टर हो रहे हैं ऐसे में सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि 23 अक्टूबर तक डिफॉल्टर हो रहे सभी संदर्भों का निस्तारण कल तक हर हाल में करा दिया जाए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सितंबर माह की मासिक रैंकिंग निस्तारण की खराब गुणवत्ता के कारण प्रभावित हुई है।

इसे सुधारने के लिए विभागीय अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने विद्युत विभाग, चिकित्सा, पंचायती राज, विकास विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग, तहसील गौरीगंज एवं अमेठी को शिकायतों की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
वहीं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को प्रतिदिन अपने पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों की समीक्षा करने और संतोषजनक निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। एडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायत निस्तारण में लापरवाही या असंतोषजनक गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन सामान्य की शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
