Amethi UP: आग का तांडव : राजेश शुक्ला की जूता-चप्पल की दुकान में लगी भीषण आग, करीब 20 लाख का माल जलकर राख

भाजपा जिला अध्यक्ष अमेठी सुधांशु शुक्ला मौके पर पहुंचे और प्रसाशन से हर संभव मदद दिलाने का दिया आश्वासन।

अमेठी। सोमवार की देर रात अमेठी कस्बे में एक भीषण अग्निकांड ने हड़कंप मचा दिया। जब आर्य समाज गली में स्थित भाजपा मंडल अध्यक्ष संग्रामपुर राजेश शुक्ला की जूता-चप्पल की थोक दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते, आग ने पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट था।

स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देख तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर कर्मी मौके पर पहुंचे और घंटों कड़ी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक दुकान में रखा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आग की लपटें आसपास के मकानों तक पहुंचने लगी थीं, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ला, जो क्षेत्र में एक प्रसिद्ध जूता-चप्पल थोक विक्रेता के रूप में जाने जाते हैं, उन्होंने बताया कि “यह उनकी वर्षों की मेहनत का परिणाम था जो कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गया।”

स्थानीय व्यापारी संगठनों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता व अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

कस्बे में इस घटना से व्यापारियों में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और क्षति का आकलन किया जा रहा है।

Related posts