धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। थाना संग्रामपुर क्षेत्र के विशेषरगंज बाजार में मंगलवार की सुबह हुई दर्दनाक दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कम्पाइन्ड मशीन की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वंशवनपटी मजरा भैरोपुर निवासी विश्वनाथ यादव (65 वर्ष) पुत्र राम अंजोर यादव विशेषरगंज–कालिकन मार्ग पर वंशवनपटी मोड़ के पास चाय की दुकान चलाते थे। रोज की तरह मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वे अपनी दुकान का सामान खरीदने के लिए विशेषरगंज बाजार गए थे। बताया जा रहा है कि जब वे लाला चाय की दुकान के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही कम्पाइन्ड मशीन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल विश्वनाथ यादव को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पुत्र परमात्मा दीन यादव, जो पंचायत सहायक हैं, ने बताया कि “पिता रोजाना की तरह दुकान के लिए सामान लेने गए थे, तभी हादसे की सूचना मिली। हम और मेरा बेटा सचिन मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस से उन्हें अस्पताल लाए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।”
थाना संग्रामपुर प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल कम्पाइन्ड मशीन को थाने में सीज़ कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इस दुखद समाचार के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल पहुंचने वालों में पूर्व प्रधान भैरोपुर राम शिरोमणि सिंह, विपिन सिंह, बैंक प्रबंधक, बैंक कर्मी, बृजेश मिश्रा समेत सैकड़ों लोग शामिल रहे।

