धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जायस/अमेठी। रोज़ी-रोटी की तलाश में परदेस गए एक युवक की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया है। उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी के जायस कस्बे के घोसियाना निवासी इसरार अहमद पुत्र बकरीदी की सऊदी अरब के अलहासा स्थित “अल सैफ” कंपनी में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, इसरार अहमद करीब पांच माह पहले अपने परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद में सऊदी अरब गए थे, जहां वे कंपनी में हेल्पर के पद पर कार्यरत थे। अचानक परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, इसरार की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, जबकि पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बार-बार बेहोश हो जा रही है।
परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा तथा जिलाधिकारी अमेठी से अपील की है कि मृतक का शव भारत लाया जाए ताकि परिजन अंतिम दर्शन कर सकें। साथ ही, उन्होंने सरकार से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले में त्वरित कार्रवाई और विदेश मंत्रालय के माध्यम से शव को जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है।

