Amethi UP : अनियंत्रित ट्रक का कहर : एक युवक की मौत, कई बिजली के खंभे टूटे, ग्रामीणों में आक्रोश।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। गुरुवार की देर रात अमेठी में एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र में आतंक मचा दिया। ट्रक ने रास्ते में कई बिजली के खंभों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया और फिर एक बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा रात करीब 09 बजे शुरू हुआ, जब मुंशीगंज की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने अमेठी बाईपास के पास कई बिजली के खंभों को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक बाईपास चढ़कर गौरीगंज रोड पर आ गया।

*बाइक सवार युवक की मौत*

तेज रफ्तार ट्रक ने बारामासी चौराहे के पास एक बाइक को टक्कर मारी। हादसे में जितेंद्र कुमार यादव (पुत्र अजय कुमार यादव), निवासी कुंभी आइमा, जिला प्रतापगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अमेठी थाना क्षेत्र के श्री का पुरवा गांव में एक निमंत्रण में शामिल होने आया था।

*ट्रक ने दूसरे बाइक सवार को भी मारी टक्कर*

हादसे के बाद भी ट्रक चालक रुका नहीं। उसने बारामासी ग्रामीण बैंक के पास एक अन्य बाइक सवार को भी टक्कर मारी और ट्रक लेकर भाग निकला। ग्रामीण बाइक और अन्य साधनों से उसके पीछे दौड़ पड़े।

*10 किमी बाद रुका अनियंत्रित ट्रक*

भागते हुए ट्रक गौरीगंज थाना क्षेत्र के टिकरिया मोड़ के पास पेट्रोल पंप के सामने हाई टेंशन लाइन के खंभे से टकराकर रुक गया।
सूचना पर पहुंचे अमेठी और गौरीगंज थाना पुलिस ने ट्रक चालक और क्लीनर को मौके से पकड़ लिया।

*ग्रामीणों मे भारी आक्रोश, पुलिस से नोकझोंक*

मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई, हालांकि दोनों थानों की पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए भीड़ को शांत कराया और आरोपी चालक को सुरक्षित हिरासत में लिया।

*चालक की नशे में धुत होने आशंका*

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक नशे में धुत था, जिसके चलते उसने इतनी बड़ी दुर्घटना को अंजाम दिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और चिकित्सीय परीक्षण भी कराया जा रहा है।

Related posts