धारा लक्ष्य समाचार पत्र
राहगीरों को मिलेगी बड़ी राहत
संग्रामपुर/अमेठी। प्रतापगढ़–अमेठी–गौरीगंज–मुसाफिरखाना को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच–931 पर चौड़ीकरण और सुधार कार्य अब तेज़ गति पकड़ चुका है। लंबे समय से लंबित इस परियोजना के तहत वन विभाग द्वारा सड़क की परिधि में आने वाले पेड़ों की कटाई का कार्य तेजी से जारी है, जो अब ठेंगहा पुल तक पहुंच चुका है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि यह सड़क ठेंगहा गांव के ठीक बीचों-बीच से गुजरती है, जहां घनी आबादी और सीमित जगह के चलते चौड़ीकरण कार्य करना बेहद कठिन था। इसी वजह से गांव को सुरक्षित रखते हुए सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 2.5 किलोमीटर लंबे बाइपास का निर्माण प्रस्तावित किया गया था। अब बाइपास का निर्माण कार्य 25 नवंबर से शुरू कर दिया गया है।

गांव के बीच से गुजरने वाली सड़क पर भारी वाहनों और लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण आए दिन जाम लगता था, जिससे विद्यालय जाने वाले बच्चों, स्थानीय निवासियों और दुकानदारों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थीं। जगह की कमी के चलते सड़क चौड़ी करने की संभावना भी नहीं थी, इसलिए बाइपास को ही सबसे उपयुक्त विकल्प माना गया।
बाइपास निर्माण की शुरुआत होते ही स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बाइपास से गांव की भीड़भाड़ कम होगी, सुरक्षा बढ़ेगी और दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा। वहीं दूसरी ओर राजमार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को एक सुगम, तेज़ और बाधारहित मार्ग उपलब्ध होगा।
निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मिट्टी कार्य, लेवलिंग और पैकिंग प्रक्रिया जल्द ही गति पकड़ेंगी। परियोजना पूर्ण होने पर यह बाइपास आसपास के गांवों और पूरे क्षेत्र के लिए राहत और विकास का बड़ा माध्यम साबित होगा।
ठेंगहा बाइपास और NH-931 चौड़ीकरण, दोनों मिलकर अमेठी के सड़क बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने जा रहे हैं, जिसकी प्रतीक्षा स्थानीय लोग वर्षों से कर रहे थे।

