Amethi UP : मामूली विवाद को लेकर जमकर हुई मारपीट, चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन घायल

धारा लक्ष्य समाचार

आधा दर्जन लोग लहूलुहान, दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज

बाजार शूकुल/अमेठी। खेत की फसल को लेकर उत्पन्न हुआ मामूली विवाद शुक्रवार देर रात बाजार शुकुल क्षेत्र में बड़ा रूप ले लिया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग लहूलुहान हो गए। घटना के बाद घायलों ने थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया।

घायल अनीता पत्नी रामकेवल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, विपक्षी पक्ष कई दिनों से उनके खेत में जानवर छोड़कर फसल को नुकसान पहुँचा रहा था। दुलारा पत्नी भुलई मौर्या के घर के बगल स्थित खेत में कई बार पिलर तोड़कर बोई गई फसल को बर्बाद किया गया। विरोध करने पर विपक्षी मुकर जाते थे, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता रहा।

अनीता का आरोप है कि शुक्रवार देर रात दुलारा, सूरज, नीरज, मिलन और रितिक ने मिलकर अरुण और लवकुश पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुँचे रामकेवल, शालिकराम और स्वयं अनीता को भी लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से पीटा गया। हमले में सभी गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में थाने पहुँचकर मामला दर्ज कराया।

थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि घायल अनीता की तहरीर पर विपक्षी पक्ष के खिलाफ धारा 308 सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष से भी शिकायती पत्र मिला है, जिस पर अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए जांच शुरू कर दी है।

Related posts