Amethi UP : दूसरी दुकान से ग्रहक को सामान खरीदना पड़ा भारी, दुकानदार ने की पिटाई

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। जिले के अमेठी कोतवाली क्षेत्र के सराय शाह गांव में दुकानदार के द्वारा एक युवक को लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। घायल विजय कुमार ने बताया कि गांव में दो दुकानें हैं। वह सोमवार रात अपने बच्चे के लिए दूसरी दुकान से खाने का सामान (चूरमुरे) खरीदकर लौट रहा था। इसी दौरान पहली दुकान का दुकानदार उससे भिड़ गया और पूछा कि उसने उससे सामान क्यों नहीं खरीदा।

पिङीत विजय के अनुसार, उसने जवाब दिया कि वह उसी रास्ते से लौट रहा था इसलिए दूसरी दुकान से सामान ले लिया, लेकिन आरोप है कि दबंग दुकानदार ने जबरन विवाद खड़ा कर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट में विजय के सिर में गंभीर चोट लग गई। किसी तरह वहां से भागकर उसने अपनी जान बचाई और परिजनों को जाकर पूरी घटना बताई।

परिजन घायल विजय को रात करीब 9:30 बजे अमेठी सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया और मामले की सूचना पुलिस को देने की सलाह दी। इलाज के बाद विजय ने कोतवाली अमेठी पहुंचकर घटना की तहरीर दी।

कोतवाली प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts