Amethi UP : जिला भाजपा कार्यालय गौरीगंज में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समीक्षा बैठक सम्पन्न

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

गौरीगंज/अमेठी। आज जिला भाजपा कार्यालय गौरीगंज में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने की। बैठक के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय रहे। जिलाध्यक्ष ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा अपने स्वागत उद्बोधन में जनपद की वर्तमान स्थिति एवं SIR अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्रदेश महामंत्री संजय राय ने समीक्षा एवं संबोधन के दौरान कहा कि भाजपा का संकल्प है कि पात्र मतदाता का नाम कटने न पाए और अपात्र का नाम जुड़ने न पाए। उन्होंने बताया कि पूर्व में मतदाता सूची में अनेक प्रकार की विकृतियाँ देखी जाती थीं।एक व्यक्ति का कई स्थानों पर नाम होना, विस्थापित अथवा विलोपित व्यक्तियों के नामों का सूची में बने रहना आदि। इस कारण मतदाता सूची प्रभावित होती थी और मतदान प्रतिशत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतंत्र को मजबूत करता है, किंतु विपक्ष इस अभियान को लेकर जनता में अनावश्यक भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।

अपने संबोधन में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर कार्य करती है। विपक्ष पर विदेश-प्रभावित विचारधाराओं से देश को अस्थिर करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा सभी पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने में पूर्ण सहायता प्रदान करें।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों को भी निर्देशित किया कि मतदाता सूची को शुद्ध, सटीक और त्रुटिरहित बनाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। मतदाता सूची के प्रकाशन के उपरांत सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों पर सूची का अध्ययन कर दावे एवं आपत्तियाँ समय से प्रस्तुत करें, इसके लिए भी विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई।

बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रसाद मिश्रा, भाजपा पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश मिश्र, भवानी दत्त दीक्षित जिला उपाध्यक्ष,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विषुव मिश्रा, राकेश त्रिपाठी, जिला महामंत्री प्रवीण सिंह, जिला उपाध्यक्ष भागीरथी मौर्य, जिला महामंत्री केशव सिंह, प्रभात शुक्ला, अतुल सिंह, जिला मंत्री मनोज जायसवाल, राजीव शुक्ला, संतोष द्विवेदी, रामकृष्ण भारती,अरुण मिश्रा सह मीडिया प्रभारी,पवन ओझा, मंडल अध्यक्ष निमिषा त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष दिलीप विश्वकर्मा सहित सभी प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Dhara Lakshya samachar के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts