धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सुल्तानपुर। जनपद के युवाओं ने अपने सांसद की गैर-मौजूदगी को लेकर अनोखा अभियान चलाया। सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं ने दुकानदारों व राहगीरों से सांसद के बारे में जानकारी जुटाई। इस अभियान का नेतृत्व सौरभ मिश्र विनम्र ने किया।
सौरभ मिश्र ने बताया कि चुनाव के बाद से सांसद जनपद में दिखाई नहीं दे रहे हैं। शहर में जाम की समस्या सहित कई मुद्दों पर लोग परेशान हैं, लेकिन सांसद तक उनकी समस्याएँ पहुँच ही नहीं पा रही हैं। उन्होंने कहा कि कई लोगों ने बताया कि चुनाव के बाद उन्होंने सांसद को देखा ही नहीं।
अभियान में शामिल बृजेन्द्र मिश्र ने कहा कि उनका किसी जनप्रतिनिधि से व्यक्तिगत विरोध नहीं है, लेकिन जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि का प्राथमिक कर्तव्य क्षेत्र में रहकर जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि शहर का दुर्भाग्य है कि सांसद का जनपद में आना-जाना बहुत कम हो गया है, जबकि जनता समस्याएँ लेकर उनके पास पहुँचना चाहती है।
अभियान में अभिषेक शुक्ला (एडवोकेट), दीपक तिवारी, देवेश कुमार (एडवोकेट) सहित अन्य युवा भी शामिल रहे, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से जानकारी एकत्र की।

