नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से ही सुरक्षित जीवन संभव — डॉ. राहिल फरीद
धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद
खैराबाद (सीतापुर)। स्थानीय भूमिजा सभागार में आयोजित विराट किसान मेले के दौरान खैराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से एक विशाल मेडिकल कैम्प लगाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. राहिल फरीद की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों मरीजों की विभिन्न रोगों की जांच की गई और उन्हें आवश्यकता के अनुरूप दवाएं व परामर्श प्रदान किया गया।
डॉ. फरीद ने कहा कि लोगों को अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच अवश्य करानी चाहिए, जिससे रोगों का समय पर पता चल सके और उनका उपचार सरलता से संभव हो सके। शिविर में खून की जांच, ब्लड शुगर टेस्ट, तथा उससे जुड़ी गंभीर समस्याओं के बारे में जागरूकता भी दी गई। कई मरीजों को हालत के अनुसार आगे उपचार हेतु रेफर भी किया गया। शिविर में उपस्थित लोगों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनील पंकज, डॉ. विजय सिंह, डॉ. शिवानी टंडन, ऑप्टोमेट्रिस्ट ऋचा गुप्ता, स्टाफ नर्स जया तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौजूद रही।

