Sitapur UP: रिकॉर्डतोड़ राष्ट्रीय लोक अदालत, सीतापुर में 1.96 लाख से अधिक वादों का निस्तारण

₹13.52 करोड़ की धनराशि से जुड़े मामलों का आपसी सुलह-समझौते से समाधान, पिछली लोक अदालतों का टूटा रिकॉर्ड।

शफीक अहमद 

धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर |जनपद सीतापुर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत ने नया रिकॉर्ड कायम करते हुए कुल 1,96,758 वादों का सफल निस्तारण किया। इस दौरान ₹13 करोड़ 52 लाख 58 हजार 579 की धनराशि से जुड़े मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा हुआ।

लोक अदालत का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कुलदीप सक्सेना ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, अन्य न्यायाधीशगण व बार प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल व प्रमाण पत्र वितरित किए गए, बंदियों की प्रदर्शनी का उद्घाटन हुआ तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक बोतल बैंक की शुरुआत की गई।

आंकड़ों के अनुसार एमएसीटी के 74 मामलों में ₹3.69 करोड़ का एवार्ड, राजस्व न्यायालयों में 56,881, विभिन्न विभागों में 1.32 लाख से अधिक तथा बैंकों के 1,940 प्री-लिटिगेशन मामलों में ₹8.43 करोड़ की वसूली हुई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नरेन्द्र नाथ त्रिपाठी ने बताया कि यह लोक अदालत पिछली तुलना में 44.7% अधिक वादों के निस्तारण के साथ अत्यंत सफल रही, जिससे त्वरित व प्रभावी न्याय का मार्ग प्रशस्त हुआ।

Related posts