Sitapur UP: खैराबाद थाने का उच्चस्तरीय निरीक्षण, एडीजी ने परखी व्यवस्थाएं

अभिलेखों के रख-रखाव, फरियादियों की सुनवाई और स्वच्छता पर दिया जोर, कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश।

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। सोमवार को खैराबाद थाना परिसर का उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक सुजीत पाण्डेय के आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जिसके बाद उन्होंने थाना खैराबाद का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, मेस तथा आरक्षी बैरक सहित पूरे थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया। अभिलेखों व रिकॉर्ड की जांच करते हुए उन्हें समय से अद्यतन और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने फरियादियों की सुनवाई व्यवस्था, स्वच्छता तथा पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर विशेष जोर देते हुए आम जनता के प्रति संवेदनशीलता बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर विनायक भोसले सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में अनुशासन और सक्रियता का वातावरण रहा।

Related posts