धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी के रामलीला मैदान में संपन्न हुआ भव्य हिन्दू सम्मेलन, हजारों की संख्या में लोग हुए शामिल।
अमेठी। रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर अमेठी नगर के राम लीला मैदान स्थित श्री राम बस्ती का हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र व नगर के प्रतिष्ठित लोगों, मातृशक्ति के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सौ वर्षों की यात्रा पूरी करने पर जगह जगह हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। सम्मेलन में लोगों को अपने देश के प्रति प्रेम जगाने ,बाहरी शक्तियों से सावधान रहकर राष्ट्र भाव जगाने सहित अनेकों बाते की जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी ने कहा कि हिंदुओं की एकता, आत्मीयता और बंधुत्व भावना से ही अपने राष्ट्र की उन्नति का रास्ता बनेगा। राष्ट्र हित का चिंतन ही हिंदू चिंतन है। हमारे देश को अगर दुनिया के सर्वोच्च शिखर पर ले जाना है तो हम सब हिंदू बंधुओं को ,सभी भारतवासियों को देश के लिए भी काम करना पड़ेगा।
कहा कि हमारा यह परम कर्तव्य है कि हम अपने जीवन के लिए तो काम करें ही , पर इसके साथ समाज के लिए, धर्म के लिए, संस्कृति के लिए और अपने राष्ट्र के लिए भी काम करे, उसके लिए समय निकालें, जिम्मेदारी भी निभाए| संघ के शताब्दी वर्ष पर भी प्रांत प्रचारक ने संघ के पंच परिवर्तन पर प्रकाश डालते हुए कुटुंब प्रबोधन में विषय रखते हुए कहा कि परिवार छोटे होते जा रहे है ,जिस पर चिंतन करना चाहिए , सामाजिक समरसता को ध्यान में रखते हुए वर्णों में जो भेद पैदा हुए है उनको दूर करने का प्रयास करना होगा, पर्यावरण में पेड़ को लगाना उनको संरक्षित करना प्लास्टिक का काम उपयोग, पानी का सदुपयोग करना , नागरिक कर्तव्य में सभी को नियमों का पालन करने के लिए आग्रह किया, स्व के भाव के जागरण के लिए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर भी चर्चा की।
मुख्य अतिथि के रूप में आए श्री अभय चैतन्य फलाहारी मौनी महराज ने कहा कि जिस तरह से सोने चांदी और अन्य धातुओं को समय समय पर साफ करने की जरूरत होती है उसी तरह से हिंदू समाज को जागृत करने के लिए समय समय पर सम्मेलन कर उन्हें संगठित करने की आवश्यकता होती है। कहा कि जाति विभेद के नाम पर राजनीति करने वाला व्यक्ति देश और राष्ट्र का कल्याण नहीं कर सकता। अनेकों जगह हिन्दू पलायन की स्थिति में है उस पर भी जागने की जरूरत है।भगवान राम के आदर्शों पर चलने की जरूरत है। छुआ छूत और ऊंच नीच की भावना को हमें समाप्त करना होगा।
कार्यक्रम को मातृशक्ति के रूप में रेखा यादव, अध्यक्ष चिरौंजी लाल, पूर्व शिक्षक राम बरन कोरी के साथ भाजपा नेता जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रचारक पवन जी, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ल, दिनेश तिवारी,प्रखर शुक्ला, बी पी मिश्र, टी एन उपाध्याय, घनश्याम चौरसिया, अंबिका पाण्डेय, युवराज सिंह, संजय कुमार, राम राज ,दिव्यांश मिश्र , डॉ धर्मेंद्र कुमार तिवारी , निमिषा त्रिपाठी के साथ बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।कार्यक्रम में भारत माता की आरती के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया। संचालन दिलीप सिंह ने किया।

