धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी।
जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए सती महारानी जन कल्याण ट्रस्ट एवं अमेठी आई हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 दिसंबर 2025 दिन शुक्रवार को प्रातः 11:00 बजे से मिनी स्टेडियम, घोरहा, भादर में आयोजित होगा।
इस जनकल्याणकारी शिविर की आयोजक एवं मुख्य अतिथि रानी शाम्भवी सिंह तथा विशिष्ट अतिथि राजकुमार अनंत विक्रम सिंह होंगे। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित यह शिविर क्षेत्र के ग्रामीण एवं अर्धशहरी नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
शिविर में अमेठी आई हॉस्पिटल से आए अनुभवी एवं विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा अत्याधुनिक उपकरणों से नागरिकों की आँखों की निःशुल्क जाँच की जाएगी। जाँच के दौरान मोतियाबिंद, दृष्टि दोष, आँखों में जलन, धुंधलापन सहित अन्य नेत्र रोगों की पहचान कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी निःशुल्क प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों की समय पर पहचान न होने से कई बार समस्याएँ गंभीर रूप ले लेती हैं। इसी उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि आमजन को समय रहते उचित परामर्श और उपचार का मार्गदर्शन मिल सके तथा लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ सके।
इस अवसर पर रानी शाम्भवी सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। वहीं राजकुमार अनंत विक्रम सिंह ने कहा कि जनसेवा उनके जीवन का लक्ष्य है और भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
सती महारानी जन कल्याण ट्रस्ट की ओर से क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर निःशुल्क नेत्र जाँच का लाभ उठाएँ तथा अपने परिवारजनों और परिचितों को भी इस सेवा से जोड़ें।

