धारा लक्ष्य समाचार पत्र
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप ब्लॉक प्रमुख कल्लन देवी और विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड विकास अधिकारी आकांक्षा सिंह और प्रधान अशोक कुमार उपाध्याय रज्जू रहे उपस्थित
संग्रामपुर/अमेठी।
गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन पर्यटक भवन कालिकन धाम में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख संग्रामपुर कल्लन देवी एवं विशिष्ट अतिथि भवसिंहपुर प्रधान अशोक कुमार उपाध्याय तथा खंड विकास अधिकारी संग्रामपुर आकांक्षा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन की व्यवस्था खंड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर शशांक मिश्रा द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं आयोजक द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, संग्रामपुर की छात्राओं ने देशभक्ति गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की सराहना प्राप्त की।
विशिष्ट अतिथि भवसिंहपुर प्रधान अशोक कुमार उपाध्याय ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य शिक्षकों, ग्राम प्रधानों, एसएमसी अध्यक्षों एवं प्रधानाध्यापकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, जिससे विद्यालयों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
खंड शिक्षा अधिकारी शशांक मिश्रा ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला के माध्यम से प्रधानों, स्कूल प्रबंधन समितियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को सरकारी योजनाओं, शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों के सर्वांगीण विकास तथा समावेशी शिक्षा के प्रति जागरूक किया जाता है। साथ ही विद्यालयों में बेहतर समन्वय, स्वच्छता एवं वंचित बच्चों पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के अभिभावकों को सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता, चिकित्सा, आरक्षण एवं दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम की जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्राथमिक शिक्षा संघ ब्लॉक संग्रामपुर, सीडीपीओ रूपेश कुमार, अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र सिंह, आशुतोष मिश्रा, रविंद्र प्रताप सिंह, अरूण कुमार द्विवेदी, वेद प्रकाश द्विवेदी, जी पी सिंह सहित क्षेत्र के समस्त प्रधान एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

