Amethi UP : पट्टाधारी को मकान निर्माण से रोका, रंगदारी मांगने का आरोप

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भादर/अमेठी।
जनपद अमेठी के भादर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नगरडीह में आवासीय पट्टे पर मकान निर्माण में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। नगरडीह निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उनके पिता रामखेलावन के नाम करीब पांच दशक पूर्व गांव में आवासीय पट्टे का आवंटन हुआ था। उक्त भूमि पर कच्चा मकान बनाकर परिवार वर्षों से गुजर-बसर करता आ रहा था।

अशोक कुमार के अनुसार मकान अत्यधिक जर्जर हो जाने के कारण उसी स्थान पर नया मकान निर्माण कराया जा रहा था, तभी गांव के कुछ लोगों द्वारा बेवजह निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की जाने लगी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उक्त लोग रंगदारी की मांग कर रहे हैं और रकम न देने पर मकान न बनने देने की धमकी दे रहे हैं।

पीड़ित अशोक कुमार ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) आशीष सिंह को ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। एसडीएम आशीष सिंह ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए राजस्व निरीक्षक को जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक भादर रामयज्ञ यादव ने बताया कि जांच कर रिपोर्ट शीघ्र ही एसडीएम को प्रेषित की जाएगी।

वहीं ग्राम भू-प्रबंधन समिति के सदस्य एवं भू-निर्माण समिति के अध्यक्ष ने बताया कि संबंधित परिवार कई वर्षों से उक्त स्थान पर निवास कर रहा है तथा उनके पास वैध आवासीय पट्टा मौजूद है। इसके बावजूद कुछ अराजक तत्वों द्वारा परिवार को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि जांच जल्द पूरी कर शासन-प्रशासन द्वारा मकान निर्माण कराए जाने का आदेश दिया जाए, जिससे कड़ाके की ठंड में पीड़ित परिवार को रहने की सुरक्षित जगह मिल सके।

पीड़ित अशोक कुमार ने बताया कि निर्माण रुकने के कारण घरेलू सामान रिश्तेदारों के घरों में रखना पड़ा है और परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Related posts