Amethi UP : संग्रामपुर से अमेठी मार्ग पर बंद रोडवेज बस सेवा बहाल करने की उठी मांग

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग को लेकर एआरएम अमेठी को सौंपा ज्ञापन

संग्रामपुर/अमेठी।
जनपद के संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय से अमेठी एवं अन्य प्रमुख मार्गों के लिए बंद पड़ी रोडवेज बस सेवा को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने रोडवेज प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी संग्रामपुर के अध्यक्ष बृजेश मिश्रा व यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र सिंह लोहा ने सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम), रोडवेज अमेठी को ज्ञापन सौंपकर जनहित में बस संचालन बहाल करने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि अमेठी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत संग्रामपुर ब्लॉक मुख्यालय से पूर्व में अमेठी, गौरीगंज एवं लखनऊ के लिए नियमित रोडवेज बस सेवा संचालित थी, जिसे किन्हीं कारणों से बंद कर दिया गया है। बस सेवा बंद होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता बृजेश मिश्रा ने बताया कि संग्रामपुर एक ग्रामीण क्षेत्र है, जहां निजी परिवहन के साधन सीमित हैं। रोडवेज बस सेवा बंद होने से विद्यार्थियों को विद्यालय व कोचिंग जाने, वहीं ग्रामीणों को तहसील एवं जिला मुख्यालय तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि शीतलागंज बाजार होते हुए संग्रामपुर से अमेठी अथवा गौरीगंज तक शीघ्र रोडवेज बस सेवा पुनः शुरू कराई जाए।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि रोडवेज प्रशासन जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान हो सकेगा।

Related posts