Amethi UP : 60 वर्षीय बुजुर्ग का फंदे से लटकता मिला शव, गांव में मचा हड़कंप

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

मोहनगंज/अमेठी। जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम डिहिवा मजरे अरियावा में देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव बिजली के खंभे से फंदे के सहारे लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान सतई पासी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सतई पासी ने अंगौछा के सहारे बिजली के खंभे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों ने जब बुजुर्ग को लटका देखा तो इसकी सूचना तत्काल मोहनगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

बताया गया कि मृतक सतई पासी दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी का कुछ समय पूर्व ही निधन हो चुका था। परिवार में उनके दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र राजेश कुमार अहमदाबाद में निजी नौकरी कर अपने तथा परिवार का पालन-पोषण करता है, जबकि छोटा पुत्र राकेश कुमार पिता के साथ रहकर मेहनत-मजदूरी कर अपने और बच्चों के भरण-पोषण में जुटा था।

मृतक स्वयं भी ग्राम सभा में मनरेगा के तहत मजदूरी कर जीवनयापन करता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। गांव में इस घटना से शोक और सन्नाटे का माहौल है।

Related posts