धारा लक्ष्य समाचार पत्र
राम सनेही घाट (बाराबंकी)
मिशन शक्ति फेज-5.0 के अंतर्गत थाना राम सनेही घाट स्थित महिला पुलिस परामर्श केंद्र की पहल से एक पारिवारिक विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया गया। पति-पत्नी के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद में महिला उप निरीक्षक मानसी, महिला पुलिस कर्मियों द्वारा की गई काउंसलिंग के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 दिसंबर 2025 को पति-पत्नी द्वारा पारिवारिक विवाद को लेकर बुलाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला पुलिस परामर्श केंद्र में नियुक्त महिला उप निरीक्षक मानसी, प्रशिक्षित कर्मियों ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग की।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की बातों को उप निरीक्षक मानसी द्वारा धैर्यपूर्वक सुना गया और आपसी मतभेदों को सुलझाने का प्रयास किया गया। उप निरीक्षक मानसी की समझाइश और सकारात्मक हस्तक्षेप के परिणामस्वरूप पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति बन गई और दोनों ने अपने वैवाहिक जीवन को पुनः साथ मिलकर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला सुरक्षा, पारिवारिक समरसता और वैवाहिक विवादों के त्वरित समाधान की दिशा में यह एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।

