Amethi UP : राम कथा के तिसरे दिन श्री राम जन्मोत्सव व बाललीलाओं का वर्णन सुन, श्रोता हुए मंत्रमुग्ध

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

संग्रामपुर/अमेठी। विकास खण्ड संग्रामपुर क्षेत्र के ग्राम सभा हरिवंश का पुरवा के देवकी नंदन मैरिज लांन में चल रहे श्रीराम कथा के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को अयोध्या धाम से आए कथा व्यास कृष्णानन्द जी महाराज ने भगवान श्रीराम की बाललीलाओं का बखान किया।

राम कथा के दौरान उन्होंने बताया कि भगवान श्रीराम का जन्म अवध नरेश राजा दशरथ के यहां हुआ। श्रीराम के सभी अंग अत्यंत सुडौल और सुंदर थे। उनको देखते ही मन लुभा जाता था। राजा दशरथ और रानी कौशल्या के प्रेम में वशीभूत होकर श्री राम पवित्र बाल लीला करते थे।

कथा के क्रम में उन्होंने कहा कि एक बार माता कौशल्या ने श्रीराम को स्नान और श्रृंगार करा कर झूला पर सुला दिया और स्वयं स्नान कर अपने कुलदेव की पूजा कर नैवेद्य भोग लगाकर पाक गृह गई। जब वह पुन: लौट कर पूजा स्थल पर आई तो उन्होंने देखा कि देवता को चढ़ाए गए नैवेद्य शिशुरूपी भगवान राम भोजन कर रहे हैं।

जब उन्होंने झूला पर जाकर देखा तो वहां भी उन्होंने श्री राम को झूले पर सोते पाया। इस तरह पूजा स्थल और झूला के पास उन्होंने कई चक्कर लगाया और दोनों जगह पर उन्होंने श्रीराम को पाया। इस दृश्य को देखकर कौशल्या डर गई और कांपने लगी। माता की अवस्था देख श्री राम ने माता को अपना अद्भुत रूप दिखाया।

उन्होंने दिखलाया कि उनके एक-एक रोम में करोड़ों ब्रह्मांड लगे हुए हैं। भगवान का विराट रूप देखकर कौशल्या माता प्रफुल्लित हो गई और आंखें मूंदकर भगवान के चरणों पर गिर पड़ी। भगवान श्रीराम ने माता को बहुत समझाया और कहा कि हे माता यह बात आप किसी से ना कहेंगी।

राम कथा सुनने को लेकर काफी संख्या में भक्तजनों की भीड़ उमड़ रही है। राम कथा के दौरान गायक मंडली द्वारा भजन आदि सुना कर भी श्रद्धालुओं का मन मोहा जा रहा है।

आज की कथा में मनोज कुमार मिश्रा, अरविन्द कुमार मिश्रा (प्रधान प्रत्याशी), गार्ड मिश्रा, राम कुमार तिवारी, अनुपम मिश्रा, रज्जू उपाध्याय, आशुतोष मिश्रा, विजय तिवारी, चन्द्र भान पाण्डेय, कुंदेश शुक्ल, अवनीश मिश्रा सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं व पुरुष उपस्थित रहे।

Related posts