धारा लक्ष्य समाचार
रामकुमार गौतम
बिहारीगढ़।
मोहण्ड रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र की फतेहपुर पेलियों बीट में तीन दिन पहले अज्ञात वन तस्करों ने बेशकीमती खैर के कई पेड़ों पर आरा चला दिया, इस मामले में वन विभाग ने प्राथमिक जांच उपरांत विभाग में अस्थाई तौर पर ड्यूटी करने वाले तीन फायर वाचरो नरेश कुमार, जुगेश व पोपीन के खिलाफ वन सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की संस्तुति डीएफओ शिवालिक वन प्रभाग सहारनपुर को भेज दी है।
गौरतलब है कि मोहण्ड रेंज के आरक्षित वन क्षेत्र में पिछले काफी दिनों से अवैध कटान पर विभागीय सख्ती एवं नियमित गश्त के चलते पूरी तरह नियंत्रण था, लेकिन तीन दिन पहले जंगल में घुस कर चोरी से काटे गए खैर के पेड़ों का मामला संदिग्ध मानते हुए इस पूरे प्रकरण की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। जानकारी करने पर वन क्षेत्राधिकारी मोहण्ड लव सिंह ने बताया कि काटे गए सभी पेड़ों की लकड़ी मौके पर ही मौजूद मिली हैं मामले की जांच पड़ताल कर दोषियों के खिलाफ प्रभावी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

