प्रभारी मंत्री ने जिला अस्पताल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण निर्माण और क्रिटिकल केयर तक सुगम आवागमन के दिए निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार
सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। राज्यमंत्री (संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा) तथा जनपद के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने शनिवार को सिविल लाइन क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल भवन का निर्माण निर्धारित मानकों, गुणवत्ता और समय-सीमा के अनुरूप हर हाल में पूर्ण कराया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल का समय पर निर्माण पूरा होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जनपदवासियों को शीघ्र आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
तीन मंजिला होगा नया जिला चिकित्सालय
अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि लगभग पाँच एकड़ भूमि पर बन रहा यह जिला चिकित्सालय तीन मंजिला होगा।
प्रथम तल पर ओपीडी की सभी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी,
द्वितीय तल पर विभिन्न जाँच एवं डायग्नोस्टिक इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी,
जबकि तृतीय तल पर मरीजों के भर्ती होने की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
क्रिटिकल केयर यूनिट तक सुगम आवागमन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने क्रिटिकल केयर यूनिट का भी अवलोकन किया। उन्होंने नेशनल हाईवे से क्रिटिकल केयर यूनिट तक मरीजों के त्वरित और सुगम आवागमन के लिए सड़क निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि गंभीर मरीजों के लिए हर मिनट कीमती होता है, इसलिए विशेष और प्रभावी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएं।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक महोली शशांक त्रिवेदी, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नीतीश कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

