Sitapur Uttar Pradesh: कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री ने की योजनाओं, विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा

सीतापुर में जनकल्याण को लेकर प्रशासन को मिले सख्त निर्देश, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पर जोर

धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता: शफीक अहमद

सीतापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश शासन के राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में विधायक, एमएलसी, जनप्रतिनिधि तथा सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने, खराब ट्रांसफॉर्मरों को समय से ठीक कराने, युवाओं के लिए रोजगार मेले आयोजित करने तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने अस्पतालों की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड जारी करने और गंभीर मरीजों के लिए रेफरल सिस्टम को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों की मरम्मत मानक के अनुसार कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएँ रखीं, जिन पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने कानून-व्यवस्था की स्थिति और अपराध नियंत्रण के प्रयासों की जानकारी प्रस्तुत की।

Related posts