धारा लक्ष्य समाचार
सहारनपुर।
थाना बेहट कोतवाली क्षेत्र के
मांडला गांव के पीड़ितों ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप के साथ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिल कर अपनी पीड़ा बयां कर न्याय की मांग की।उप मुख्यमंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी को उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। जांच कमेटी ने पुवांरका बैंक पहुंचकर मामले की जांच की और ग्रामीणों का हाल जाना। गांव मांडला के लगभग बीस से ज्यादा ग्रामीणों ने गांव के बैंक मित्र और बैंक कर्मचारियों की मिली भगत से लाखों रुपए का गबन करने का आरोप लगाया था।
ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप से मुलाकात की, बिजेंदर कश्यप ने ग्रामीणों को साथ लेकर साथ लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की तथा उनको अपनी पीड़ा सुनाई। उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी पुवांरका स्थित पंजाब नेशनल बैंक पर जांच करने पहुंची। मामले की जांच करते हुए बैंक स्टाफ व ग्रामीणों के साथ बातचीत कर उनका दर्द जाना। इस दौरान बैंक पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुवांरका चौकी पुलिस ने सभी ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया और अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखने के लिए कहा। तब पुलिस व जांच कमेटी जांच पड़ताल में जुट गई।

