धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बुझ गया घर का इकलौता चिराग.
अमेठी। जिले के थाना क्षेत्र भाले सुल्तान शहीद स्मारक अंतर्गत अढ़नपुर गांव में शनिवार को आयोजित कंबल वितरण एवं भोज कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकअप वाहन की चपेट में आने से गांव के ही 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ कादूनाला–थौरी मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार अढ़नपुर गांव में सड़क किनारे स्थित मैदान में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कंबल वितरण के साथ भोज का आयोजन चल रहा था। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व प्रधान प्रतिनिधि वंशराज सिंह के भतीजे विपिन सिंह द्वारा किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर भीड़ की ओर बढ़ गई, जिसकी चपेट में आने से गांव निवासी रामनाथ रैदास का 15 वर्षीय इकलौता बेटा गुलशन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पिक अप का ड्राइवर खुद को गाड़ी के अंदर बंद कर लिया और वहीं पर छिप गया. तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्राइवर को गाड़ी से बाहर निकाल कर अपने साथ ले गई. इस प्रकार गाड़ी और ड्राइवर दोनों पुलिस के कब्जे में है।
किशोर की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने अढ़नपुर बाजार के पास कादूनाला–थौरी मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अतुल सिंह, थानाध्यक्ष तनुज कुमार पाल सहित आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से वार्ता कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

