Sitapur Uttar Pradesh: जिलाधिकारी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण व बड़ी मालियत के लेखपत्रों का किया निरीक्षण

बीएलओ की कार्यप्रणाली पर सख्ती, भूमि लेन-देन में पारदर्शिता के निर्देश।

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने जेएलएमडीजे इंटर कॉलेज खैराबाद एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय अहमदपुर जट, सिधौली में पहुँचकर फॉर्म-6 व फॉर्म-8 से संबंधित कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, उनसे तत्काल संपर्क कर जानकारी दें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार वसुंधरा त्रिपाठी एवं तहसीलदार मुकेश कुमार को निर्देशित किया कि बीएलओ से निरंतर संवाद बनाए रखें और नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई बीएलओ अपने निर्धारित केंद्र पर अनुपस्थित पाया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा पुनरीक्षण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने सहायक महानिरीक्षक निबंधन, सीतापुर के साथ दिसंबर माह में पंजीकृत बड़ी मालियत के लेखपत्रों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। तहसील सदर के ग्राम क्लार्क नगर, जमैय्यतपुर एवं तहसील सिधौली के बौना भारी गांव में अंतरित भूमि की वास्तविक स्थिति, सीमांकन एवं अभिलेखों का मिलान करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि लेन-देन से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और किसी भी अनियमितता पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

Related posts