Barabanki Uttar Pradesh: डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ किसान दिवस आलू भंडारण से लेकर मेंथा रोपाई तक समय पर हों सभी कृषि प्रबंध – डीएम

किसानों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता – डीएम

धारा लक्ष्य समाचार

बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में डी0आर0डी0ए0 सभागार में किसान दिवस/कृषि समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के किसानों से जुड़ी वर्तमान समस्याओं के साथ-साथ आगामी फसली सत्र की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष जनपद में आलू उत्पादन का रकबा अपेक्षाकृत अधिक है, जिसके दृष्टिगत किसानों द्वारा बड़े पैमाने पर आलू का भंडारण कोल्ड स्टोरेज में किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्त कोल्ड स्टोरेज संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि केवल जनपद के किसानों की ही बुकिंग की जाए तथा किसी भी दशा में फर्जी बुकिंग न होने पाए। इसके लिए सतत निगरानी एवं सत्यापन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आलू एवं सरसों की कटाई के उपरांत किसानों द्वारा मेंथा की रोपाई की जाएगी, जिसके दृष्टिगत अभी से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि इस अवधि में नहरों में टेल तक पर्याप्त पानी उपलब्ध रहे, सभी सरकारी नलकूप पूर्ण क्षमता के साथ संचालित रहें तथा उर्वरकों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि खरबूजे की खेती को प्रोत्साहित करने हेतु गुणवत्तायुक्त बीजों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी ने किसान भाइयों से अपील की कि बीज अथवा कीटनाशक/कृषि रसायन खरीदते समय दुकानदार से अनिवार्य रूप से रसीद प्राप्त करें, जिससे गुणवत्ता से संबंधित किसी भी शिकायत की स्थिति में त्वरित कार्यवाही की जा सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग संवेदनशीलता, सक्रियता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह सहित कृषि, सिंचाई, विद्युत, पशुपालन, सहकारिता विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।

Related posts