गणतंत्र दिवस–2026 व राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर गरिमामय आयोजनों के निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी गणतंत्र दिवस–2026 व 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) श्री निरंकार सिंह द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह से संबंधित तैयारियों का विन्दुवार विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रमों की रूपरेखा, समय-सारिणी तथा विभागवार दायित्वों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी, 2026 को प्रातः 08:30 बजे जनपद के समस्त सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं गैर-सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा संविधान में निहित मूल भावनाओं का स्मरण कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनपद की सभी शिक्षण संस्थाओं में प्रातः 10:00 बजे ध्वजारोहण किया जाए तथा विद्यार्थियों की सहभागिता से राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, जिससे नई पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना का विकास हो। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पुलिस परेड एवं सलामी का आयोजन शासन की परंपराओं के अनुरूप किया जाए।
इसके अतिरिक्त जिला कारागार, वृद्धाश्रम, बालगृह एवं जिला चिकित्सालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सेवा एवं सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे सामाजिक सरोकारों को सशक्त संदेश मिल सके।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 26 जनवरी, 2026 को समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी तैनाती के स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा इस संबंध में कार्यालयाध्यक्षों द्वारा अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस : ‘माई इंडिया, माई वोट’ थीम पर होंगे कार्यक्रम
25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस, सभी बूथों पर दिलाई जाएगी मतदाता शपथ
बैठक में 25 जनवरी को आयोजित होने वाले 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि इस अवसर पर जनपद के समस्त बूथों पर बीएलओ द्वारा मतदाताओं की उपस्थिति में मतदाता शपथ का वाचन कराया जाएगा। इसके साथ ही विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत बीएलओ द्वारा परिवर्धन, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित आवेदन पत्र भी प्राप्त किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशों के क्रम में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम स्कूलों, शैक्षिक संस्थानों एवं शासकीय कार्यालयों में आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से लोकतांत्रिक चेतना को सुदृढ़ किया जाएगा।
मतदाता दिवस का जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जहां जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित मतदाताओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई जाएगी। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “माई इंडिया, माई वोट” के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

