“वाराणसी के वैज्ञानिक को यंग साइंटिस्ट अवार्ड”
वाराणसी। कृषि विज्ञान केंद्र, वाराणसी में कार्यरत कृषि प्रसार वैज्ञानिक डॉ. राहुल कुमार सिंह को इंडियन सोसाइटी ऑफ़ एक्सटेंशन एजुकेशन (ISEE), नई दिल्ली द्वारा यंग साइंटिस्ट अवार्ड 2026–27 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें कृषि प्रसार अनुसंधान एवं क्षेत्रीय विस्तार सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सोसाइटी के अध्यक्ष एवं पूर्व उप महानिदेशक आई.सी.ए.आर.- नई दिल्ली डॉ यू. एस. गौतम, सहायक महानिदेशक- आई. सी. ए. आर. डॉ आर. के. सिंह, पूर्व कुलपति डॉ. अधिकारी के करकमलों से प्रदान किया गया ।
डॉ. राहुल कुमार सिंह को यह पुरस्कार राष्ट्रीय संगोष्ठी–2026 के दौरान “डिजिटल टेक्नोलॉजीज फॉर सस्टेनेबल फूड सिस्टम्स एंड आत्मनिर्भर भारत” विषय पर आयोजित कार्यक्रम में 29 से 31 जनवरी 2026 के बीच साला-द-गास्पर हॉल, मिरामार, गोवा में प्रदान किया गया।
डॉ. सिंह ने किसान-केंद्रित प्रसार कार्य, तकनीकी नवाचारों के प्रसार तथा किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है साथ ही साथ आई. सी. टी. आधारित एप्रोच, महिला समूह केंद्रित एप्रोच अपनाकर जनपद में तकनीकी प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके पास दस से अधिक शोध एवं प्रसार परियोजनाओं का अनुभव है तथा उनकी छः दर्जन से अधिक पुस्तकें और शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। वर्ष 2025 में उपकार, लखनऊ के स्थापना दिवस पर उन्हें उत्तर प्रदेश कृषि सम्मान योजना के अंतर्गत सूबे के माननीय मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जा चुका है। इस उपलब्धि पर कृषि विज्ञान केंद्र परिवार एवं जिले के कृषि जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

