धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोटरों के नाम काटे जाने के आरोपों के बीच समाजवादी पार्टी ने अमेठी में मोर्चा खोल दिया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के स्पष्ट निर्देश पर एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामकरन निर्मल के आदेशानुसार जनपद अमेठी में पीडीए मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सघन जांच अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिला अध्यक्ष सूबेदार यादव ने किया।
अभियान के तहत विधानसभा 186 अमेठी के अमेयमाफी क्षेत्र के बूथ संख्या 275, 276 एवं 277 पर SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के अंतर्गत आने वाले सी कैटेगरी, नो मैपिंग, एब्सेंट, शिफ्टेड मतदाता, साथ ही मृतक एवं डबल वोट से जुड़े मामलों की कड़ी और बारीकी से जांच की गई।
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में पीडीए वर्ग के मतदाताओं के नाम जानबूझकर सूची से हटाए जा रहे हैं या गलत श्रेणी में डालकर उनका मताधिकार छीना जा रहा है।
टीम ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर वास्तविक स्थिति का सत्यापन किया और गड़बड़ियों को चिन्हित किया।
अभियान के दौरान लगाए गए विशेष शिविर में नए नौजवानों से फ़ॉर्म-6, 7 एवं 8 भरवाए गए और उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के साथ-साथ ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
सपा नेताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे किसी भी साजिश का शिकार न हों और अपने मताधिकार की रक्षा के लिए सजग रहें।
जिला अध्यक्ष सूबेदार यादव ने कहा कि
“पीडीए समाज के मतदाताओं को सूची से हटाने की किसी भी साजिश को समाजवादी पार्टी सफल नहीं होने देगी। लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ी जाएगी।”
इस मौके पर विश्वनाथ प्रताप, ओम प्रकाश प्रजापति, अजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

