TET अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का प्रदर्शन, पुतला दहन का प्रयास विफल।
वाराणसी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिला संयोजक कैलाश नाथ यादव के नेतृत्व में मंगलवार को शास्त्री घाट, वरुणापुल (वाराणसी) पर एकत्र होकर माननीय केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री द्वारा पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर TET अनिवार्यता लागू किए जाने संबंधी सदन में दिए गए बयान का विरोध किया। इस दौरान शिक्षकों ने पुतला दहन का प्रयास भी किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए, जिन्हें शास्त्री घाट के मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। कुछ शिक्षक किसी तरह अंदर पहुंच गए और पुतला दहन का प्रयास किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने छीना-झपटी कर पुतला अपने कब्जे में ले लिया। इस घटना से शिक्षक आहत और स्तब्ध नजर आए।
शिक्षकों का कहना है कि TET लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को इसकी अनिवार्यता से मुक्त रखा जाना न्यायसंगत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इस विषय में उचित पहल नहीं की, तो शिक्षक संगठन व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
कार्यक्रम में जिला संयोजक कैलाश नाथ यादव के अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, सनत कुमार सिंह, संजय सिंह, वीरेंद्र सिंह, राजेश सिंह, जितेंद्र पांडेय, अजय तिवारी, रमाशंकर यादव, मनोज सिंह, राजेंद्र राय, राजेश श्रीवास्तव, विवेकानंद सिंह, मोहन सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

