आयकर भवन वाराणसी में आधे दिन का शांतिपूर्ण धरना, लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय की चेतावनी।
वाराणसी, 12 फरवरी 2026। केंद्रीय जेसीए (JCA) के बैनर तले आयकर कर्मचारी महासंघ (ITEF) एवं आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ (ITGOA) के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आज आयकर भवन वाराणसी परिसर में अपनी लंबित एवं न्यायोचित मांगों के समर्थन में आधे दिन का शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया।
धरने के दौरान कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने विभागीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इनमें कैडर रिव्यू का शीघ्र क्रियान्वयन, लंबित पदोन्नतियों का त्वरित समाधान, आयकर अधिकारी (ITO) की अखिल भारतीय वरिष्ठता सूची को अंतिम रूप देना, भर्ती नियमों में आवश्यक संशोधन तथा आईसीटी (ICT) नीति की बहाली की मांग शामिल रही।
इसके अतिरिक्त न्यायालयों के आदेशों का समान रूप से अनुपालन, कार्यों का युक्तिसंगत निर्धारण, ITO एवं निरीक्षकों को लैपटॉप उपलब्ध कराना तथा अनावश्यक रिपोर्टिंग एवं अव्यावहारिक समय-सीमाओं को समाप्त करने की भी मांग की गई।

