Varanasi UP…पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव व खेल प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया दम।

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव व खेल प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाया दम।

वाराणसी। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 13 एवं 14 फरवरी 2026 को दो दिवसीय भव्य वार्षिकोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। खेलों के इस महाकुंभ में छात्राओं ने कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी, खो-खो, फुटबॉल, हॉकी, बैडमिंटन, कुर्सी दौड़ के साथ-साथ निबंध, चित्रकला प्रतियोगिता एवं ‘छूकर पहचानो’ जैसे रोचक खेलों में प्रतिभाग कर अनुशासन, उत्साह एवं खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि महापौर अशोक तिवारी (भाजपा) रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हरेंद्र राय (सदस्य, शिक्षा सेवा चयन आयोग), भोलेंद्र प्रताप सिंह (जिला विद्यालय निरीक्षक), नीतीश राय (युवा कल्याण अधिकारी), नीलू मिश्रा (अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध एथलीट), डॉ. प्रभात झा (पूर्व प्रधानाचार्य, पीएम पीएन कॉलेज), कोच मंटू (एथलीट) तथा मनोज कुमार वर्मा (प्रधानाध्यापक, राजकीय हाई स्कूल करधना) सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों का सम्मान पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, मोमेंटो एवं पौधा भेंट कर किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने छात्राओं की सराहना करते हुए उन्हें परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कार के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत समूह नृत्य, गायन एवं वादन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 250 छात्राओं को सीनियर एवं जूनियर वर्ग में मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कबड्डी में शालू कुमारी की टीम, वॉलीबॉल में पिंकी पाल की टीम, रस्साकशी में पलक अग्रहरि की टीम, खो-खो में शालू कुमारी, फुटबॉल में पिंकी पाल की टीम, बैडमिंटन में अनन्या जायसवाल एवं अनन्या यादव, हॉकी टीम, कुर्सी दौड़ (जूनियर) में देविका चौरसिया तथा (सीनियर) में अंजलि विश्वकर्मा विजेता रहीं। चित्रकला में शिवानी, निबंध में समीक्षा एवं खुशी प्रजापति ने पुरस्कार प्राप्त किया। सांस्कृतिक प्रतियोगिता के अंतर्गत वादन में खुशी सिंह, डफली में कुमुद सरोज तथा समूह नृत्य में कुमकुम यादव की टीम प्रथम स्थान पर रही।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती निशा यादव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

Related posts