सर्वाधिक फॉर्म-6 प्राप्त करने वाले बीएलओ को मिला सम्मान
जिलाधिकारी ने बीएलओ से किया संवाद
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत जनपद में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने जनपद में सर्वाधिक फॉर्म-6 प्राप्त करने वाले 20 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
इन बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में सबसे ज्यादा फॉर्म 6 प्राप्त कर अभियान को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की है। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि का प्रतीक है, बल्कि टीम वर्क और समर्पण का उदाहरण भी है।
इन बीएलओ को मिला सम्मान
जनपद में सबसे ज्यादा फॉर्म-6 प्राप्त करने पर बीएलओ प्रमोद (शिक्षामित्र), मशरूम अहमद (शिक्षामित्र), शत्रोहनलाल (रोजगार सेवक), भूपेश सिंह (शिक्षामित्र), मीनाक्षी सिंह (शिक्षामित्र), अलीमुद्दीन (शिक्षामित्र), सुरेन्द्र कुमार (रोजगार सेवक), अनीता देवी (आशा बहु), शैलेन्द्र कुमार वर्मा (शिक्षामित्र), सजीत कुमार (सहायक अध्यापक), अश्वनी कुमार (शिक्षामित्र), अर्जुमन बेनज़ीर अंसारी (शिक्षामित्र), अनुपम यादव (पंचायत सहायक), अखिलेश वर्मा (शिक्षामित्र), मनोकामनी (शिक्षामित्र), आनंद कुमार वर्मा (सहायक अध्यापक), अवधेश कुमार (शिक्षामित्र), धीरज शर्मा (रोजगार सेवक), शादाब कलीम (सहायक अध्यापक), रंजन गिरि (सहायक अध्यापक) को उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया।
सहयोग और प्रेरणा से मिलेगा लक्ष्य
डीएम ने बीएलओ से आह्वान किया कि वे जिस निष्ठा, जिम्मेदारी और दक्षता के साथ कार्य कर रहे हैं, उसी भावना से आगे भी कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है।
बीएलओ से विशेष संवाद, सुझावों का आदान–प्रदान
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित बीएलओ के साथ विशेष संवाद भी किया। इस संवाद में बीएलओ ने फील्ड स्तर पर आ रही व्यवहारिक चुनौतियों, मतदाता जागरूकता बढ़ाने के अनुभवों तथा कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े अपने सुझाव साझा किए। जिलाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्यरत बीएलओ के सुझाव अभियान को और अधिक मजबूत, सरल एवं प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयास, आपसी समन्वय और निरंतर परिश्रम से जनपद न केवल निर्धारित लक्ष्य हासिल करेगा, बल्कि उत्कृष्टता की नई मिसाल भी कायम करेगा।

