पुलिस लाइन में शुरू हुई सुविधा, फ्री वाई-फाई, टीवी और किताबों के साथ सस्ते दामों पर मिलेगा भोजन
धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट
सीतापुर। रिजर्व पुलिस लाइन में शनिवार को “नैमिष संगम कैफे” का उद्घाटन किया गया। यह कैफे पुलिस कर्मियों, उनके परिवारों और आम जनता के लिए शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद और विश्वास को मजबूत करना है।

कैफे में आने वाले लोगों के लिए फ्री वाई-फाई, टीवी और पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां भोजन और पेय पदार्थ बाजार की तुलना में कम कीमतों पर उपलब्ध होंगे। कैफे की दीवारों को नैमिषारण्य क्षेत्र के पावन व ऐतिहासिक स्थलों, ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं के चित्रों से सजाया गया है, जिससे इसे सांस्कृतिक और आकर्षक रूप दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस की ड्यूटी अक्सर तनावपूर्ण होती है, ऐसे में यह कैफे पुलिस कर्मियों के लिए तनाव कम करने और आपसी संवाद बढ़ाने का स्थान बनेगा।
साथ ही यह पहल पुलिस की छवि को मित्र और सहयोगी के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

