कपसेठी पुलिस व मिशन शक्ति टीम की सराहनीय पहल: गुमशुदा महिला व नाबालिग बेटी सकुशल बरामद।

वाराणसी। थाना कपसेठी पुलिस और मिशन शक्ति केन्द्र टीम के संयुक्त प्रयास से एक गुमशुदा महिला और उसकी नाबालिग बेटी को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहयोग के उद्देश्य से की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान रात करीब 1:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम महिमापुर बाजार में एक विक्षिप्त महिला एक किशोरी के साथ इधर-उधर भटकती नजर आ रही है, जो संभवतः रास्ता भटककर वहां पहुंच गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ने मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी व महिला कांस्टेबल श्रद्धा अग्रहरी को तत्काल मौके पर भेजा।
मिशन शक्ति टीम महिमापुर बाजार पहुंची, जहां एक महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ भटकती हुई मिली। पूछताछ करने पर महिला अपना सही पता नहीं बता पा रही थी, हालांकि उसने बताया कि किशोरी उसकी बेटी है और वह मिर्जापुर से चली थी लेकिन रास्ता भटक गई। इसके बाद टीम दोनों को सुरक्षित थाना कपसेठी के हेल्प डेस्क पर लेकर आई और उनके परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास शुरू किए।
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने महिला के परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर महिला के देवर संतोष मिश्रा पुत्र कृपाशंकर मिश्रा निवासी ग्राम व पोस्ट बबुरा कला, थाना ड्रामलगंज, जनपद मिर्जापुर थाने पहुंचे। उन्होंने महिला की पहचान अपनी भाभी मीरा देवी पत्नी आशुतोष मिश्रा तथा बालिका की पहचान अपनी 11 वर्षीय भतीजी सौम्या मिश्रा के रूप में की। संतोष मिश्रा ने बताया कि मीरा देवी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और उनका इलाज चल रहा है। वह अपनी बेटी के साथ बिना बताए घर से निकल गई थीं, जिनकी परिजन लगातार तलाश कर रहे थे।
पुलिस ने आवश्यक सत्यापन के बाद महिला और उसकी बेटी को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम गौतम, थाना कपसेठी
उपनिरीक्षक विनय कुमार प्रजापति, चौकी प्रभारी धवकलगंज
मिशन शक्ति प्रभारी उपनिरीक्षक मेघा सोलंकी महिला कांस्टेबल श्रद्धा अग्रहरी व अंजू द्वितीय,इस सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय लोगों ने कपसेठी पुलिस व मिशन शक्ति टीम की प्रशंसा की।


