रविदास घाट पर ‘खुला आसमान’ संस्था ने उत्साह के साथ मनाया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस।

वाराणसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खुला आसमान संस्था द्वारा रविदास घाट पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “सशक्त महिला – सशक्त समाज” रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद के माध्यम से यह संदेश देना था कि महिलाओं का आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक विकास समाज की प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि महिलाएं केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र की प्रगति की आधारशिला हैं। जब महिलाओं को शिक्षा, सम्मान और समान अवसर प्राप्त होते हैं, तब समाज अधिक सशक्त और समृद्ध बनता है।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था की संस्थापिका रोली सिंह रघुवंशी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सह-संस्थापिका दीक्षा सिंह रघुवंशी सहित संस्था की पूरी टीम ने सक्रिय सहयोग दिया, जिनमें अंकित चौबे भी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि किरण यादव (साईं डायरेक्टर) रहीं। इसके अलावा कार्यक्रम में जगदीश सिंह (सेना), निरूपमा सिंह (बाल संरक्षण अधिकारी) तथा डॉ. शिखा सचान (प्रोफेसर, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, आईएमएस बीएचयू) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर अपने विचार साझा किए और समाज को महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विचार-विमर्श के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के संदेश को सराहा। अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर रोली सिंह रघुवंशी, दीक्षा सिंह रघुवंशी, अंकित चौबे, शिव पूजन, सीता, संजू सहित संस्था के अन्य सदस्य एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


