डीआरएम आशीष जैन ने हंडिया खास–भीटी रेल खंड का किया निरीक्षण।
सेफ्टी फेंसिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश।


वाराणसी,मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने अपने एक दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान शनिवार को हंडिया खास–भीटी रेल खंड का पुश ट्रॉली से निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व वह सड़क मार्ग से हंडिया खास स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन की परिचालनिक व्यवस्था, संरक्षा उपकरण, यात्री सुविधाओं, दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्टेशन के रख-रखाव तथा साफ-सफाई का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन भवन के खाली कमरों का उपयोग सुनिश्चित करने, स्टेशन परिसर से परित्यक्त सामग्री हटाने तथा रेल परिसंपत्तियों के कुशल प्रबंधन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने डाउन साइड भीटी एंड पर प्वाइंट संख्या 209A एवं 209B के प्वाइंट्स एंड क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान स्विच रेल की स्टॉक रेल से प्रॉपर हाउसिंग, गेज परीक्षण तथा फेल-सेफ प्रणाली की कार्यक्षमता की जांच की गई। उन्होंने किमी 290/26 पर स्थित स्विच एक्सटेंशन जॉइंट का भी संरक्षा निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा हंडिया यार्ड के निकट रेलवे क्रॉसिंग संख्या 49 बीसी का भी निरीक्षण किया तथा गेटमैन विवेकानंद के संरक्षा संबंधी ज्ञान की भी परख की।
मंडल रेल प्रबंधक ने हंडिया खास से भीटी तक रेलवे लाइन के दोनों ओर लगाए जा रहे स्टील के ‘सेफ्टी फेंसिंग’ (डब्ल्यू-बीम मेटल) कार्य का भी पुश ट्रॉली से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बनारस–प्रयागराज रामबाग रेल खंड पर 110 टीकेएम ट्रैक रूट किमी में चल रहे सेफ्टी फेंसिंग निर्माण कार्य की प्रगति का वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय आयुष कुमार सिंह तथा कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया और शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
डीआरएम ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर अक्सर पशुओं के आ जाने तथा तेज रफ्तार ट्रेनों की चपेट में आने से दुर्घटनाएं होती हैं, जिससे ट्रेन संचालन प्रभावित होता है। रेल लाइनों के किनारे सेफ्टी फेंसिंग लगाए जाने से पशुओं की आवाजाही पर रोक लगेगी और रेल भूमि पर अनावश्यक अतिक्रमण भी नियंत्रित होगा। इससे ट्रेनों का संचालन अनुमन्य गति से निर्बाध रूप से किया जा सकेगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तृतीय आयुष कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय, सहायक मंडल इंजीनियर (लाइन) मुक्ता सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
---------------------------------------------------------------------------------------------------

