भटनी-सलेमपुर स्टेशनों व दोहरीकरण कार्यों का डीआरएम ने किया निरीक्षण।

वाराणसी, पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शुक्रवार को भटनी एवं सलेमपुर रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ भटनी-मऊ रेल खंड के दोहरीकरण कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत भटनी जंक्शन और सलेमपुर स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए यात्री सुविधाओं—प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, प्रतीक्षालय आदि—का जायजा लिया।
भटनी में उन्होंने यार्ड, समपार, क्रू रनिंग रूम, आरपीएफ बैरक और रेलवे कॉलोनी का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों के मनोरंजन कक्ष के जीर्णोद्धार और स्वास्थ्य केंद्र के स्थानांतरण के निर्देश भी दिए।
सलेमपुर-लार रोड के बीच चल रहे दोहरीकरण कार्यों के निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य शीघ्र एवं सुरक्षित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

