इनर व्हील क्लब ऑफ बनारस 312 की अध्यक्ष सुषमा सिंह के नेतृत्व में काशी में 501 कन्याओं का पूजन,संपन्न

वाराणसी। सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ, काशी के तत्वावधान में सारनाथ स्थित श्री चित्रगुप्त राधेकृष्ण मंदिर, काशी कुष्ठ सेवा संघ आश्रम में आध्यात्मिक एवं सामाजिक समागम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में समरसता, बिना छुआछूत की भावना और सेवा भाव को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत 501 कन्याओं का सामूहिक पूजन कर लोक कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की गई। सफेद एवं लाल वस्त्रों में सजी कन्याओं के पूजन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा और मंत्रोच्चार से वातावरण गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर समाज सेवा में समर्पित महिलाओं को ‘नारी शक्ति वंदन सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। ये सम्मान उन महिलाओं को प्रदान किए गए जिन्होंने वंचित वर्गों के उत्थान, सेवा और समाजहित के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम का आयोजन इनर व्हील क्लब ऑफ बनारस 312 की अध्यक्ष सुषमा सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके निर्देशन में कन्याओं का पूजन एवं उपहार वितरण किया गया। कन्याओं को केला, चिप्स, बिस्किट, चुनरी, पानी की बोतल, टिफिन सहित अन्य उपयोगी सामग्री भेंट की गई।
समारोह में काशी कुष्ठ आश्रम के बाबा रमेश बाबा ‘मूछों वाले हनुमान जी’ की पीठाधीश्वरी मुक्तेश्वरी गिरी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों, शिव बारात समिति के प्रमुख दिलीप सिंह तथा दीक्षा एजुकेशन की संतोषी शुक्ला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने समाज में समानता, सेवा और नारी सम्मान का संदेश देते हुए एक सकारात्मक प्रेरणा प्रस्तुत की।

