Varanasi UP..काशी में 501 कन्याओं का पूजन।

काशी में 501 कन्याओं का पूजन।

‘नारी शक्ति वंदन सम्मान 2026’ से सम्मानित हुईं सेवा समर्पित महिलाएं।

वाराणसी। सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ, काशी के तत्वावधान में सारनाथ स्थित श्री चित्रगुप्त राधेकृष्ण मंदिर, काशी कुष्ठ सेवा संघ आश्रम में आध्यात्मिक एवं सामाजिक समागम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 501 कन्याओं का सामूहिक पूजन कर लोक कल्याण की कामना की गई, साथ ही समाज सेवा में समर्पित महिलाओं को ‘नारी शक्ति वंदन सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
भक्तिमय माहौल में कन्या पूजन
सफेद एवं लाल वस्त्रों में सजी 501 कन्याओं के पूजन से पूरा परिसर मंत्रोच्चार से गुंजायमान हो उठा। सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ के सचिव मुकुंद टप्पू ने बताया कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को देवी स्वरूप माना जाता है और उनका पूजन समाज की सुख-समृद्धि का आधार है।
सेवा और समर्पण का सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘नारी शक्ति वंदन सम्मान’ रहा, जिसके अंतर्गत उन महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने वंचित वर्गों के उत्थान और सेवा कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कार्यक्रम की देखरेख साधना अग्रहरि (नगर कार्यवाहिका) और ममता पटेल (अध्यक्ष, महिला प्रकोष्ठ) ने की, जबकि व्यवस्था प्रमुख जयजीत ने कन्याओं के पूजन एवं उपहार वितरण की जिम्मेदारी संभाली।
संतों व अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में काशी कुष्ठ आश्रम के बाबा रमेश बाबा ‘मूछों वाले हनुमान जी’ की पीठाधीश्वरी मुक्तेश्वरी गिरी, ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों, शिव बारात समिति के प्रमुख दिलीप सिंह तथा दीक्षा एजुकेशन की संतोषी शुक्ला की विशेष उपस्थिति रही।
कुशल संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन विनोद शर्मा एवं अरविंद लाल ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ के अध्यक्ष डॉ. राहुल सिन्हा सहित स्नेह रंजन, गजेंद्र, हरिशंकर और दिलीप सिंह ने सभी सम्मानित महिलाओं को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर काशी के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिनमें बिंदु पटेल, दुर्गा पाण्डेय, काजल, पूजा, भावना, माही, गीता, नीरज चौबे ‘सोनू’, रंजन राय, ओमप्रकाश यादव, प्रो. अशोक, सुरेश पाठक, जगदीश सिंह, बेटू सहित अनेक लोग शामिल रहे।

Related posts