Varanasi UP..वाराणसी में 431 संविदा सफाई कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी व कार्यालय आवंटन की मांग, मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन

वाराणसी में 431 संविदा सफाई कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी व कार्यालय आवंटन की मांग, मंत्रियों को सौंपा ज्ञापन।

वाराणसी, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा एवं वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के वाराणसी आगमन के अवसर पर उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस में मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश अध्यक्ष सोनचंद बाल्मीकि के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार भारती, प्रदेश प्रमुख महामंत्री रविंद्र कुमार मेहता, बृजेंद्र कुमार वाल्मीकि एवं नरेंद्र कुमार वाल्मीकि शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने मंत्रियों का स्वागत करते हुए वाराणसी में कार्यरत 431 संविदा सफाई कर्मचारियों के वेतन में अब तक बढ़ोतरी न होने पर चिंता जताई।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि पंजीकृत एवं सम्मानित संघ होने के बावजूद नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार उपेक्षा की जा रही है और बार-बार पत्राचार के बावजूद संगठन को कार्यालय आवंटित नहीं किया गया है। इस संबंध में भी मंत्रियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता के दौरान बताया कि वाराणसी, जो माननीय प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, वहां सफाई कर्मचारियों की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। कर्मचारियों के वेतन निर्धारण में अनियमितताएं, असंवैधानिक प्रक्रियाएं तथा आउटसोर्सिंग के माध्यम से गैर अनुसूचित जाति के लोगों की नियुक्ति जैसी समस्याएं भी प्रमुख रूप से उठाई गईं।
मांगों को गंभीरता से सुनते हुए नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि वाराणसी के सफाई कर्मचारियों के साथ न्याय किया जाएगा।

Related posts