वरुणा तट पर लोक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम, कलाकारों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध।

वाराणसी होली पर्व के तीसरे दिन मंगलवार की संध्या पर वरुणा तट स्थित शास्त्री जी घाट पर सामाजिक संस्था ‘लोक चेतना’ के तत्वावधान में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विरहा, लोकगीत, भोजपुरी गायन, नृत्य-नाटिका और कवि सम्मेलन की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों—भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू, सेंट्रल बार के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम, बनारस बार के अध्यक्ष विनोद शुक्ला, काशी पत्रकार संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एसी भारद्वाज, राजस्व संघ के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र तिवारी, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री आर.पी. कुशवाहा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अवधेश पाठक, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक अविजित दीक्षित, दूरदर्शन के निदेशक आर.के. साहू, आकाशवाणी के निदेशक अजय कुमार राय तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 30 कवियों ने सायं 5 बजे से आयोजित कवि सम्मेलन में काव्य पाठ किया। हास्य-व्यंग्य और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया।
वरुणा आरती के बाद राष्ट्रीय विरहा गायक दीपक सिंह ने लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं एसएन परफॉर्मेंस के 40 बच्चों ने भरतनाट्यम नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विजन वाल्मीकि टीम ने शिव-पार्वती पर आधारित समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि चंदन दास के नेतृत्व में नरसिंह लीला का मंचन हुआ।
कार्यक्रम में अरविंद यादव ने ताइक्वांडो के माध्यम से आत्मरक्षा का संदेश दिया। समर्पण एकेडमी द्वारा डांस प्रस्तुति और उत्तम द्वारा योग प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहा। भोजपुरी गायकों—सुरेंद्र सुगम, राजन तिवारी, अभिषेक देव, जगदीश सरस, कीर्ति साहू, अभिषेक गिरी, रैमल कश्यप, महिमा इमो सहित कई कलाकारों ने देवी पचरा गीत समेत विभिन्न प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. एसी भारद्वाज ने की, जबकि संचालन लोक चेतना के जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता ‘तनहा’ ने किया। आयोजन की देखरेख प्रदेश अध्यक्ष के.के. उपाध्याय एवं संचालन प्रधान महासचिव कैलाश सिंह ने किया।
इस दौरान 25 दिव्यांगजनों सहित 51 विशिष्ट लोगों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।

