भट्ठा संचालकों को राहत: मंत्री बोले—नहीं बंद होंगे ईंट भट्ठे, जल्द बनेगी नई नीति

वाराणसी, ईंट निर्माता संघ वाराणसी मंडल के अध्यक्ष हरिशंकर सिंह मुन्ना के नेतृत्व में भट्ठा संचालकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सर्किट हाउस में वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना से मिला और अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष भट्ठा संचालकों से जुड़ी विभिन्न परेशानियों को रखा। इस पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि प्रदेश में किसी भी ईंट भट्ठे को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईंट भट्ठों से बड़ी संख्या में गरीब और असहाय लोगों को रोजगार मिलता है, और सरकार रोजगार के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा भट्ठा संचालकों का किसी प्रकार से उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने बताया कि सरकार जल्द ही नई नीति लागू कर प्रदूषण से संबंधित लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को सुगम बनाएगी।
उन्होंने भट्ठा संचालकों से घबराने की जरूरत न बताते हुए कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से मंथन कर रही है। साथ ही यह भी कहा कि वाराणसी प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र है, इसलिए यहां किसी भी भट्ठा संचालक के साथ अन्याय या उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में घनश्याम सिंह यादव, पंकज सिंह, राहुल सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, हरिओम सिंह, अजीत सिंह, बब्बू सिंह, लालजी यादव, मंजू यादव, चंदन सिंह, शंभू यादव, सुनील यादव, ओमप्रकाश, संजय सिंह, हीरालाल, शिवम चौबे, बच्चा राम यादव, सिद्धू सिंह, उपदेश यादव, रिंकू पांडेय, प्रियांशु, पियाजू गुरु और आलोक पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे।

