Sitapur UP: सरैया चलाकापुर अग्निकांड: तीन मौतों से दहला गांव, नेताओं व प्रशासन ने संभाला मोर्चा

आंधी-तूफान में लगी आग से कई घर राख, कांग्रेस नेता अनुपम राठौर समेत जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर बांटी राहत

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद धारा लक्ष्य समाचार

महमूदाबाद (सीतापुर)। तहसील महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम सरैया चलाकापुर में तेज आंधी, बारिश और तूफान के बीच हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।

तेज हवाओं के चलते चूल्हे से उठी चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते कई कच्चे मकान व झोपड़ियां आग की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में दो महिलाओं—फूलमती और इदरा—की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी 7 वर्षीय मासूम मीनाक्षी ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन मौतों से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए अधिकारियों को नुकसान का तत्काल आकलन कर मुआवजा प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। महमूदाबाद की विधायिका आशा मौर्या ने भी मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा की, जबकि पूर्व मंत्री नरेंद्र वर्मा ने 17 प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न, कपड़े व अन्य जरूरी सामग्री वितरित कर सहयोग किया।

इसी क्रम में कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष अनुपम राठौर भी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर उनका दुःख साझा किया। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 11-11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। हादसे के बाद क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं और जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की ओर से पीड़ितों के पुनर्वास के प्रयास तेज कर दिए गए हैं, ताकि इस संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके।

Related posts