रोहनिया पुलिस का खुलासा: 30 लाख के जेवरात चोरी मामले में शातिर अभियुक्त शनि धरिकार गिरफ्तार

वाराणसी के थाना रोहनिया क्षेत्र के ग्राम गोविन्दपुर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए शातिर अभियुक्त शनि धरिकार (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से गला हुआ सोना (180.460 ग्राम), चांदी की सिल्ली (818 ग्राम), 8500 रुपये नगद, एक तमंचा व दो कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की गई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
घटना 21/22 मार्च 2026 की रात की है, जब पीड़ित परिवार घर बंद कर दर्शन के लिए गया था। मौके का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर में घुसकर अलमारी तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली थी। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर 5 अप्रैल को परमानन्दपुर स्थित चौरा माता मंदिर के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था और चोरी के जेवरात को बाहर के ज्वेलर्स के जरिए बेच देता था।
गिरफ्तारी टीम:
प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह, उपनिरीक्षक अमीर बहादुर सिंह, सुशील कुमार सिंह, पवन कुमार, दिनेश सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, कांस्टेबल रानु कुमार, कांस्टेबल प्रेम पंकज (सर्विलांस सेल) एवं कांस्टेबल बृजेश (सर्विलांस सेल) शामिल रहे।
पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

