होम्योपैथी के जनक डॉ. हैनिमैन की 271वीं जयंती पर वाराणसी में भव्य आयोजन।

वाराणसी होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल फेडरिक क्रिश्चियन हैनिमैन की 271वीं जयंती के पावन अवसर पर Medical Association of Homoeopathy India (MAHI) द्वारा वाराणसी के होटल प्लाजा इन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर अशोक कुमार तिवारी उपस्थित रहे। अध्यक्षता आर. पी. कुशवाहा ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. आर. एस. पटेल शामिल हुए।
कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने होम्योपैथी के महत्व, विकास और प्रभावशीलता पर अपने विचार रखे। डॉ. जी. एस. मौर्य ने जनहित में कई प्रमुख मांगें उठाईं, जिनमें नगर निगम परिसर में होम्योपैथिक चिकित्सालय की स्थापना, रुद्राक्ष भवन के पास तिराहे का नाम हैनिमैन तिराहा रखने, MAHI के लिए कक्ष उपलब्ध कराने तथा प्रस्तावित होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज को नगर क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग शामिल रही।
डॉ. ए. के. सिंह ने बताया कि MAHI से देशभर में 1000 से अधिक चिकित्सक जुड़े हैं, जो निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जनसेवा कर रहे हैं। वहीं, डॉ. राजीव मौर्य ने ऑटोइम्यून रोगों पर वैज्ञानिक केस प्रस्तुत करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी दी और अपनी आगामी पुस्तक के बारे में बताया।
डॉ. पी. के. मुखर्जी ने होम्योपैथी के विकास पर चर्चा करते हुए कई सफल उपचार के उदाहरण प्रस्तुत किए। डॉ. नीरज सिंह ने इसके भविष्य और व्यापक उपयोग पर अपने विचार साझा किए। मुख्य वक्ता डॉ. आर. एस. पटेल ने होम्योपैथी को प्रभावी चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसके विकास के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. एस. पी. पटेल ने डॉ. हैनिमैन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर 80 वर्षीय डॉ. मिश्रा का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आर. पी. कुशवाहा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे डायबिटीज का उपचार होम्योपैथी से ले रहे हैं और उन्हें लाभ मिल रहा है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने भी होम्योपैथी को प्रभावी चिकित्सा पद्धति बताते हुए इसके विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण, वैज्ञानिक व्याख्यान और सम्मान समारोह आयोजित किए गए। साथ ही MAHI द्वारा जनहित से जुड़ी विभिन्न मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

